Wed. Feb 4th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड़

अल्मोड़ा, 23 दिसम्बर 2025। बांग्लादेश में कथित रूप से एक हिन्दू श्रमिक दीपू दास की नृशंस हत्या के विरोध में आज अल्मोड़ा के शिखर तिराहे पर विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल के बैनर तले विशाल विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने बांग्लादेश की युनूस सरकार का पुतला दहन कर कड़ा रोष व्यक्त किया।
वक्ताओं ने आरोप लगाया कि बांग्लादेश में सत्ता परिवर्तन के बाद कट्टरपंथी गतिविधियों में वृद्धि हुई है और वहां अल्पसंख्यक हिन्दू समुदाय को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मंदिरों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, हिन्दू कर्मचारियों, पत्रकारों तथा आम नागरिकों पर हमलों की घटनाएं सामने आ रही हैं। हाल ही में मेमन जिले के भालुका क्षेत्र में घटित घटना को अमानवीय बताते हुए प्रदर्शनकारियों ने इसकी कड़ी निंदा की।
प्रदर्शन के दौरान मांग की गई कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए, पीड़ित परिवार को न्याय मिले, बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिन्दुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए तथा वहां भयमुक्त वातावरण बनाया जाए। साथ ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस मामले का संज्ञान लेकर प्रभावी कार्रवाई की मांग भी उठाई गई।
पुतला दहन कार्यक्रम में महामंडलेश्वर स्वामी यतीन्द्रानन्द गिरि जी महाराज, विभाग संगठन मंत्री वेद प्रकाश, विश्व हिन्दू परिषद के जिला अध्यक्ष डॉ. गोपाल सिंह नयाल, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, पार्षद अमित साह मोनू, हवालबाग ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि भारत भूषण, अभिषेक जोशी, जगमोहन बिष्ट, संजय बिष्ट, सौरभ वर्मा सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भी सहभागिता कर विरोध दर्ज किया।