Sat. Sep 26th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय, अल्मोड़ा परिसर में छात्रसंघ चुनाव 2026-27 के लिए शनिवार को नामांकन प्रक्रिया संपन्न हुई। नामांकन के दौरान आर्यन छात्र संगठन के महासचिव भास्कर गिरी गोस्वामी ने सचिव पद के लिए अपना नामांकन दाखिल किया। सचिव पद के लिए किसी अन्य प्रत्याशी द्वारा नामांकन नहीं किए जाने के चलते भास्कर गिरी गोस्वामी का सचिव पद पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ।
आर्यन छात्र संगठन ने भास्कर गिरी गोस्वामी के निर्विरोध निर्वाचन को संगठन के लिए महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। संगठन का दावा है कि SSJ विश्वविद्यालय के इतिहास में पहली बार सचिव पद पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ है।
आर्यन छात्र संगठन के जिला अध्यक्ष उज्ज्वल जोशी ने कहा कि भास्कर गिरी गोस्वामी का निर्विरोध सचिव चुना जाना संगठन के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि यह छात्रों के बीच संगठन की नीतियों और छात्रहित में किए जा रहे कार्यों के प्रति विश्वास को दर्शाता है।
छात्र नेता निशांत पांडे ने कहा कि भास्कर गिरी गोस्वामी का निर्विरोध निर्वाचन छात्रहितों के लिए उनकी सक्रियता और छात्रों के बीच उनकी स्वीकार्यता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि नई जिम्मेदारी के साथ वे छात्रों की आवाज को मजबूती से विश्वविद्यालय प्रशासन तक पहुंचाने का काम करेंगे।
महासचिव विशाल सिंह बिष्ट ने भी भास्कर गिरी गोस्वामी को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सचिव पद केवल एक पद नहीं, बल्कि छात्रों की समस्याओं के समाधान और उनके हितों के लिए निरंतर कार्य करने की जिम्मेदारी है।
निर्विरोध निर्वाचित होने के बाद भास्कर गिरी गोस्वामी ने सभी छात्र-छात्राओं, समर्थकों और संगठन के कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि छात्रहितों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता दी जाएगी और विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य किया जाएगा।