Fri. Sep 25th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

नैनीताल,  भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा 26 सितंबर 2026 को नैनीताल जनपद में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है। मौसम के दौरान गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है।
मौसम की चेतावनी और विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए जिला प्रशासन ने 26 सितंबर को जनपद के सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया है। संबंधित विभागों और शिक्षण संस्थानों को आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने अधिकारियों को मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। लोगों को नदी-नालों, गधेरों, बरसाती नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों के समीप जाने से बचने तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
आकाशीय बिजली की संभावना को देखते हुए लोगों से खुले स्थानों, पेड़ों और विद्युत पोल से दूर रहने तथा सुरक्षित भवनों के भीतर रहने की अपील की गई है।