Sat. Sep 26th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र ने शनिवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं उप स्वास्थ्य केंद्र बाड़ेछीना का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सकों एवं कार्मिकों की उपस्थिति, टीकाकरण व्यवस्था तथा अभिलेखों के रखरखाव का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मिली कमियों को दूर करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों एवं कार्मिकों की अनुपस्थिति को अपर जिलाधिकारी ने गंभीरता से लिया। उन्होंने कहा कि आपदा अलर्ट के दौरान स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की उपलब्धता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने प्रभारी चिकित्साधिकारी को अनुपस्थित चिकित्सकों एवं कार्मिकों से स्पष्टीकरण प्राप्त करने तथा वेतन आहरण से पूर्व अपने मंतव्य सहित अनुमति के लिए पत्रावली प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
अपर जिलाधिकारी ने केंद्र की आकस्मिक सेवाओं, ओपीडी एवं प्रसव पंजिकाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने उपस्थिति पंजिका समेत अन्य अभिलेखों को नियमित रूप से अद्यतन रखने, गुड्डा-गुड्डी चार्ट अपडेट करने तथा विद्युत तारों को सुव्यवस्थित कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की भौतिक स्थिति सही पाई गई। प्रभारी चिकित्साधिकारी ने बताया कि कायाकल्प योजना के अंतर्गत केंद्र का जनपद में प्रथम स्थान के लिए चयन हुआ है।
उप स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण के दौरान कोल्ड चेन व्यवस्था की जांच में एक आईएलआर मशीन निष्क्रिय पाई गई। इसके अलावा वैक्सीन स्टॉक पंजिका एवं संबंधित चार्ट भी अद्यतन नहीं मिले। इस पर एडीएम ने आईएलआर मशीन को शीघ्र क्रियाशील कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने, वैक्सीन स्टॉक पंजिका को प्राथमिकता के आधार पर अद्यतन करने तथा कोल्ड चेन एवं वीएचएनडी चार्ट को सात दिन के भीतर अपडेट करने के निर्देश दिए।
उन्होंने पात्र आयुवर्ग की बालिकाओं के एचपीवी टीकाकरण के लिए नियमित रूप से प्रयास करने को भी कहा। दोनों स्वास्थ्य केंद्रों में निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों के अनुपालन में सुधारात्मक कार्रवाई करते हुए 15 दिन के भीतर अनुपालन आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।