Wed. Feb 4th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड़

अल्मोड़ा वन प्रभाग के अंतर्गत मोहान वन क्षेत्र के गोदी अनुभाग में बीते कुछ समय से गुलदार की सक्रियता की लगातार सूचनाएँ प्राप्त हो रही थीं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग द्वारा क्षेत्र में निरंतर गश्त की जा रही थी तथा गोदी अनुभाग के पानुअद्योखन क्षेत्र में गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा भी लगाया गया था।
इसी क्रम में आज दिनांक 31 दिसम्बर 2025 को ग्राम खोलियो क्यारी, पोस्ट टोटम निवासी बचुली देवी, पत्नी कुशल सिंह, की गुमशुदगी की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम द्वारा क्षेत्र में सघन सर्च अभियान चलाया गया।
सर्च अभियान के दौरान महिला का शव वन क्षेत्र से बरामद हुआ, जिससे गुलदार के हमले की पुष्टि हुई। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई की गई।
वन विभाग द्वारा विभागीय प्रावधानों के अंतर्गत पीड़ित परिवार को 6 लाख रुपये की अग्रिम सहायता राशि तत्काल प्रदान की गई। साथ ही क्षेत्र में गुलदार की निगरानी बढ़ा दी गई है और ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की गई है।