जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड़
अल्मोड़ा। अल्मोड़ा श्रमजीवी पत्रकार यूनियन की बैठक में वरिष्ठ पत्रकार स्वर्गीय दीप चन्द्र जोशी की पांचवीं पुण्यतिथि के अवसर पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। बैठक का संचालन करते हुए दया कृष्ण काण्डपाल ने कहा कि स्व. दीप चन्द्र जोशी केवल एक निडर पत्रकार ही नहीं थे, बल्कि सामाजिक सरोकारों से गहराई से जुड़े एक जुझारू कर्मयोगी भी थे।
उन्होंने उत्तराखण्ड राज्य आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई तथा भू-माफियाओं के खिलाफ लगातार आंदोलन और कलमकार के रूप में संघर्ष करते रहे। दया कृष्ण काण्डपाल ने कहा कि दीप जोशी ने पत्रकारिता को समाज परिवर्तन का माध्यम बनाया और अपने जीवन में मूल्यों व सिद्धांतों से कभी समझौता नहीं किया।
बताया गया कि स्व. दीप चन्द्र जोशी अल्मोड़ा प्रेस क्लब के संस्थापक सदस्यों में से एक थे और पत्रकारों के अधिकारों व एकजुटता के लिए सदैव प्रयासरत रहे। बैठक में उपस्थित सभी पत्रकारों ने उनके योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर सुरेश तिवारी, दया कृष्ण काण्डपाल, अमित उप्रेती, हरीश भण्डारी, निर्मल उप्रेती, दिनेश भट्ट, गोपेश उप्रेती सहित अल्मोड़ा प्रेस क्लब के नव निर्वाचित अध्यक्ष जगदीश जोशी एवं महासचिव अशोक कुमार पाण्डे ने भी स्व. दीप चन्द्र जोशी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर अपनी श्रद्धांजलि दी।
