जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। भैसियाछाना ब्लॉक क्षेत्र में बाड़ेछीना-शेराघाट मोटर मार्ग पर शनिवार शाम एक स्कॉर्पियो वाहन लगभग 30 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। इस भीषण दुर्घटना में दंपति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार स्कॉर्पियो संख्या DL 3CC Z 8690 में सवार होकर दिल्ली के महरौली निवासी एक ही परिवार के तीन लोग उत्तराखंड घूमने आए थे। वाहन में माता-पिता और उनका बेटा सवार था। शनिवार को परिवार कैंची धाम मंदिर में दर्शन करने के बाद धारचूला-मुनस्यारी की ओर जा रहा था।
बताया जा रहा है कि शाम के समय जैसे ही वाहन बाड़ेछीना-शेराघाट मार्ग पर कसाण बैंड के पास पहुंचा, चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद स्कॉर्पियो ऊपरी सड़क से फिसलकर नीचे की ओर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। थाना धौलछीना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया गया। वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण घायलों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
पुलिस के अनुसार वाहन चला रहे सिद्धार्थ राय गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले, जिन्हें तत्काल अस्पताल भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें अल्मोड़ा रेफर किया गया है।
थाना प्रभारी धौलछीना सुनील बिष्ट और एसआई गोकुल ने बताया कि मौके पर ही दो लोगों की मृत्यु हो चुकी थी। मृतकों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है।
प्राथमिक जांच में हादसे का कारण वाहन का अनियंत्रित होना बताया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
