Wed. Feb 11th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समीक्षा समिति (DLRC – District Level Review Committee) की बैठक विकास भवन सभागार में आयोजित की गई। बैठक में जनपद में संचालित विभिन्न बैंकिंग योजनाओं, वित्तीय समावेशन कार्यक्रमों तथा सरकारी प्रायोजित योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP), किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) तथा स्वयं सहायता समूहों के वित्तपोषण सहित विभिन्न योजनाओं के लक्ष्य और उपलब्धियों की बैंकवार समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने बैंकों को निर्देशित किया कि पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से ऋण वितरण सुनिश्चित किया जाए तथा लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण किया जाए।
उन्होंने कहा कि स्वरोजगार और आजीविका संवर्धन से जुड़ी योजनाओं के माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं और महिलाओं को लाभान्वित किया जाए। साथ ही वित्तीय साक्षरता कार्यक्रमों को ग्रामीण स्तर तक प्रभावी रूप से संचालित करने के निर्देश भी दिए।
सीडीओ ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं में चयनित लाभार्थियों की सभी औपचारिकताएं बैंक भेजने से पूर्व ही पूरी कर ली जाएं, ताकि उन्हें अनावश्यक रूप से बैंक के चक्कर न लगाने पड़ें। बैंक स्तर पर भी लाभार्थियों का समुचित मार्गदर्शन सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके अलावा विभागीय स्तर पर दी जाने वाली सब्सिडी पारदर्शी एवं समय से जारी करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास अभिकरण के.एन. तिवारी, एलडीएम अनिरुद्ध शाह, विभिन्न बैंकों के जिला समन्वयक, संबंधित विभागों के अधिकारी एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे।