जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा कलेक्ट्रेट सभागार में साइबर सुरक्षा जागरूकता को लेकर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य स्कूल के विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों को इंटरनेट के सुरक्षित, जिम्मेदार और सतर्क उपयोग के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यशाला में विशेषज्ञों द्वारा साइबर अपराध के विभिन्न स्वरूपों, फिशिंग, ऑनलाइन ठगी, सोशल मीडिया के दुरुपयोग, पासवर्ड सुरक्षा तथा व्यक्तिगत जानकारी की गोपनीयता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को बताया गया कि छोटी-छोटी सावधानियाँ अपनाकर साइबर अपराधों से प्रभावी बचाव किया जा सकता है।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को इंटरनेट के सकारात्मक उपयोग, अनजान लिंक व संदिग्ध संदेशों से बचने तथा सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा करते समय विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई। वहीं कर्मचारियों को भी सरकारी एवं कार्यालयीन कार्यों में साइबर सुरक्षा मानकों के पालन के महत्व से अवगत कराया गया।
कार्यशाला का संचालन जिला सूचना विज्ञान अधिकारी शिवा पांडेय द्वारा किया गया।
