जनतानामा न्यूज अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने आज राजकीय चारा एवं बीज उत्पादन प्रक्षेत्र भैंसवाड़ा का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पशुपालन विभाग की गतिविधियों, संचालित गौशाला तथा निर्माणाधीन गौशाला का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गौशाला निर्माण की धीमी प्रगति पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करने की सख्त हिदायत दी। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा गौशाला विस्तार स्वीकृत किया जा चुका है, इसलिए कार्यों में तत्परता दिखाई जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मौके पर रहकर पूरी ड्राइंग और कार्ययोजना तैयार कर शीघ्र प्रस्तुत की जाए। उन्होंने कहा कि गौशाला निर्माण संवेदनशीलता के साथ किया जाए और अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों से पल्ला न झाड़ें। प्रस्तावित 100 गाय क्षमता वाली गौशाला के निर्माण से क्षेत्र में आवारा गोवंश की समस्या के समाधान में मदद मिलेगी।
इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने इसी क्षेत्र में एक अन्य गौशाला का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र गौशाला निर्माण के लिए अनुकूल है। साथ ही भैंसवाड़ा फार्म तक पहुंच मार्ग के निर्माण का भी संज्ञान लेते हुए उसके लिए प्रस्ताव और आगणन तैयार करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
जिलाधिकारी ने पशुपालन विभाग द्वारा संचालित अन्य गतिविधियों की भी जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पशुपालन विभाग, कार्यदाई संस्था जिला पंचायत के अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
