जनतानामा न्यूज अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा, 11 फरवरी 2026 जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने बुधवार को पशुपालन विभाग के अधीन संचालित राजकीय चारा एवं बीज उत्पादन प्रक्षेत्र भैंसवाड़ा (फार्म) का स्थलीय निरीक्षण किया। उल्लेखनीय है कि जिलाधिकारी ने एक दिन पूर्व भी प्रक्षेत्र का निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन में हुई प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन गौशाला कार्यों का जायजा लिया तथा चयनित स्थल का निरीक्षण करते हुए गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप और तय समयसीमा के भीतर पूर्ण किया जाए।
जिलाधिकारी ने गौशाला निर्माण के लिए चयनित स्थल को उपयुक्त बताते हुए कहा कि इसके निर्माण से निराश्रित गौवंश को सुरक्षित आश्रय मिलेगा तथा शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में आवारा गौवंश की समस्या के समाधान में भी मदद मिलेगी। उन्होंने कार्यदायी संस्था जिला पंचायत के अधिकारियों को निर्देश दिए कि संसाधनों का शत-प्रतिशत सदुपयोग सुनिश्चित किया जाए। साथ ही नए चयनित स्थल पर गौशाला निर्माण का आगणन तैयार कर शीघ्र प्रस्तुत करने को कहा।
जिलाधिकारी ने पशुपालन विभाग द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों का निरीक्षण करते हुए विभागीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पशुपालकों को योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाने हेतु जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रभावी ढंग से संचालित किए जाएं।
इसके उपरांत जिलाधिकारी ने पशुपालन विभाग के प्रशिक्षण केंद्र का निरीक्षण किया और वहां आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी ली। उन्होंने केंद्र की उपयोगिता का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत करने के निर्देश देते हुए पूछा कि बीते वर्ष में केंद्र का कितनी बार उपयोग हुआ तथा कितने प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. योगेश अग्रवाल, उपजिलाधिकारी सदर संजय कुमार, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत राजेश कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
