Thu. Mar 12th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा प्रदेश सरकार की पहल “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद अल्मोड़ा में भिकियासैंण और चौखुटिया विकासखंडों की न्याय पंचायतों में बहुउद्देशीय शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों में आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करने के साथ-साथ विभिन्न विभागों की योजनाओं का लाभ भी पात्र लोगों को उपलब्ध कराया गया।
विकासखंड भिकियासैंण की न्याय पंचायत नौला में आयोजित शिविर में कुल 452 लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया। शिविर के दौरान 49 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनका मौके पर ही शत-प्रतिशत निस्तारण कर दिया गया।
वहीं विकासखंड चौखुटिया की न्याय पंचायत मासी में आयोजित शिविर में 214 लोगों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। इस शिविर में 51 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 38 शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
इस प्रकार दोनों शिविरों के माध्यम से कुल 666 लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ मिला। शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उपस्थित होकर लोगों की समस्याएं सुनीं तथा योजनाओं की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम का उद्देश्य शासन की योजनाओं को आमजन तक सीधे पहुंचाना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।