जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा, अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला में उत्तराखण्ड राज्य महिला आयोग द्वारा “आपके द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत विकास भवन सभागार, अल्मोड़ा में महिला जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता आयोग की सदस्य उर्मिला जोशी तथा रचना जोशी ने की।
कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को त्वरित न्याय उपलब्ध कराना, उनकी समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना और उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना रहा। इस दौरान आयोग की सदस्यों ने महिलाओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
अपने संबोधन में आयोग की सदस्यों ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की रक्षा करना आयोग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की समस्या या उत्पीड़न की स्थिति में वे निःसंकोच अपनी शिकायत आयोग के समक्ष रखें, ताकि समयबद्ध तरीके से उनका समाधान किया जा सके।
जनसुनवाई के दौरान आयोग को कुल तीन शिकायतें प्राप्त हुईं, जिन पर सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम में घरेलू हिंसा, पारिवारिक विवाद, कार्यस्थल पर उत्पीड़न, स्वास्थ्य समस्याएं, संपत्ति विवाद तथा अन्य सामाजिक विषयों से जुड़े मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। आयोग की सदस्यों ने कहा कि प्राप्त शिकायतों और सुझावों के समाधान के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा।
कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा संबंधी प्रावधानों तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी संतोष कुमार पंत, उपजिलाधिकारी सदर संजय कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी पीताम्बर प्रसाद, पुलिस विभाग के प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।
