Thu. Apr 30th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में गुलदार का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। नगर क्षेत्र से सटे खनियां गांव में पिछले एक सप्ताह से गुलदार ने दहशत फैला रखी है। आए दिन गुलदार मवेशियों को अपना शिकार बना रहा है, जिससे पशुपालक काफी परेशान हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि गुलदार दिनदहाड़े गांव के आसपास घूम रहा है और मवेशियों को निवाला बना रहा है। इस वजह से लोग अपने घरों से बाहर निकलने में भी डर महसूस कर रहे हैं। बच्चों और महिलाओं में भी काफी भय का माहौल बना हुआ है।
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले तक नगर के आबादी वाले क्षेत्रों में भी गुलदार की गतिविधियां देखी जा रही थीं। अब नगर से सटे खनियां गांव में गुलदार का आतंक बढ़ गया है और पिछले एक सप्ताह में कई गोवंश को अपना शिकार बना चुका है।
इस स्थिति से परेशान ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द कार्रवाई कर गुलदार के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है। वहीं वन क्षेत्राधिकारी तापस मिश्रा ने प्रभावित क्षेत्र में गश्त करते हुए लोगों से सतर्क रहने और रात के समय अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की अपील की है।