Tue. Mar 17th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा आज 16 मार्च को उत्तराखंड क्रांति दल इकाई अल्मोड़ा द्वारा अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज के बाहर नुक्कड़ नाटक कर जनता के बीच मेडिकल कॉलेज की वास्तविक स्थिति को उजागर किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने शासन-प्रशासन से मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाओं को शीघ्र दुरुस्त करने की मांग उठाई।
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों की कमी, अल्ट्रासाउंड जैसी जरूरी जांच सुविधाओं का अभाव, दवाइयों की कमी तथा यहां कार्यरत कर्मचारियों की नियुक्ति से जुड़ी समस्याओं को दर्शाया गया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज पूरे क्षेत्र के लिए स्वास्थ्य सेवाओं का प्रमुख केंद्र है, जहां अल्मोड़ा, सोमेश्वर, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और दन्या सहित कई दूरदराज क्षेत्रों के लोग उपचार के लिए आते हैं।
उत्तराखंड क्रांति दल के पदाधिकारियों ने कहा कि इतनी बड़ी आबादी को स्वास्थ्य सुविधाएं देने वाले इस मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाएं ठीक न होना पूरे क्षेत्र के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने शासन-प्रशासन से जल्द आवश्यक डॉक्टरों की नियुक्ति, जांच सुविधाओं की उपलब्धता और दवाइयों की आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष दिनेश जोशी, जिला कार्यकारी अध्यक्ष पान सिंह लटवाल, महिला जिला अध्यक्ष दीपा जोशी, युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष रघुवीर सिंह भाकुनी, पंकज बिष्ट (मंडल अध्यक्ष), गोपाल बिष्ट (ग्राम प्रधान माटेला), राहुल बिष्ट, मुकेश बिष्ट, कुमार सोनू, नेगी किरण मेहरा, विनोद बिष्ट, लाट सिंह, लाल सिंह, बलवंत राम, मनोज तिवारी, अभिषेक बिनोला सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।