जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा जनपद में नशे और साइबर अपराध के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा लगातार जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर सभी थाना प्रभारियों को स्कूलों, कॉलेजों और ग्रामीण क्षेत्रों में चौपाल लगाकर जनता की समस्याएं सुनने और उन्हें विभिन्न विषयों पर जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में सोमवार 16 मार्च 2026 को अपर पुलिस अधीक्षक हरबंस सिंह के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी अल्मोड़ा बलवंत सिंह के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष लमगड़ा प्रमोद पाठक द्वारा ग्राम सभा सांगड़ साहू में जागरूकता चौपाल का आयोजन किया गया।
चौपाल में उपस्थित ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों की पुलिस से संबंधित समस्याएं, शिकायतें और सुझाव गंभीरता से सुने गए तथा कई समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया। इस दौरान ग्रामीणों को साइबर फ्रॉड से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, डिजिटल अरेस्टिंग जैसे नए साइबर अपराधों, सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद करने और नए आपराधिक कानून—भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता तथा भारतीय साक्ष्य अधिनियम के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
पुलिस ने महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी लोगों को जागरूक किया तथा समाज में पुलिस के साथ सहयोग करने का आह्वान किया। थानाध्यक्ष प्रमोद पाठक ने पहाड़ों में बढ़ते नशे के दुष्प्रभावों पर चिंता जताते हुए सभी से नशे से दूर रहने की अपील की। इस दौरान ग्रामीणों ने एक स्वर में “नशा मतलब नाश” का संदेश देते हुए नशा मुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में ग्रामीणों को एलपीजी गैस का अनावश्यक भंडारण न करने, गैस से जुड़े संभावित फ्रॉड से सतर्क रहने, बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन कराने और आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112 तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में भी जानकारी दी गई।
