जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा 18 मार्च 2026 आगामी फायर सीजन को देखते हुए संभावित वनाग्नि घटनाओं और सड़क दुर्घटनाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के उद्देश्य से जनपद अल्मोड़ा में द्वाराहाट, लमगड़ा व भतरोजखान क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर संयुक्त मॉक ड्रिल का सफल आयोजन किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रेशखर घोडके के निर्देशन एवं सीएफओ नरेंद्र सिंह कुंवर के पर्यवेक्षण में यह अभ्यास किया गया। द्वाराहाट में प्रभारी निरीक्षक विनोद जोशी तथा लमगड़ा में थानाध्यक्ष प्रमोद पाठक के नेतृत्व में पुलिस, SDRF और फायर सर्विस सहित अन्य विभागों ने मिलकर समन्वित कार्रवाई का अभ्यास किया।
मॉक ड्रिल के दौरान जंगल में आग लगने की स्थिति का सजीव प्रदर्शन किया गया, जिसमें त्वरित प्रतिक्रिया, संसाधनों के कुशल उपयोग और बेहतर समन्वय के जरिए आग पर नियंत्रण पाने की प्रक्रिया को दर्शाया गया। साथ ही वन संपदा की सुरक्षा, जनजीवन को सुरक्षित रखने और आधुनिक अग्निशमन तकनीकों के उपयोग का भी अभ्यास किया गया।
आपात स्थिति में घायलों को तत्काल प्राथमिक उपचार देने और सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की प्रक्रिया को भी व्यवहारिक रूप से प्रदर्शित किया गया।
वहीं भतरोजखान क्षेत्र में थानाध्यक्ष अवनीश कुमार की मौजूदगी में सड़क सुरक्षा को लेकर मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इस दौरान सड़क दुर्घटना की स्थिति में रेस्क्यू उपकरणों के उपयोग, घायलों को सुरक्षित निकालने, प्राथमिक उपचार देने और गंभीर घायलों को शीघ्र अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया का अभ्यास किया गया।
इस संयुक्त मॉक ड्रिल के माध्यम से पुलिस व अन्य विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के साथ-साथ आपदा की स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए प्रतिभागियों को प्रशिक्षित और जागरूक किया गया।
