जनतानामा न्यूज अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा जनपद में आपदा प्रबंधन को लेकर तैयारियों को मजबूत करने हेतु जिलाधिकारी अंशुल सिंह के निर्देशन में आज विभिन्न तहसीलों में व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस अभ्यास का उद्देश्य संभावित प्राकृतिक एवं मानव जनित आपदाओं के दौरान विभागों के बीच समन्वय, त्वरित प्रतिक्रिया और राहत-बचाव कार्यों की तैयारियों को परखना रहा।
मॉक ड्रिल के दौरान भूकंप, बादल फटना, वनाग्नि, भूस्खलन, बाढ़ और वाहन दुर्घटना जैसे 5 से 6 अलग-अलग आपदा परिदृश्यों पर आधारित अभ्यास किए गए। इन सभी परिस्थितियों में संबंधित विभागों ने अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए प्रभावी प्रतिक्रिया का प्रदर्शन किया।
अभ्यास में एसडीआरएफ, आईटीबीपी, पुलिस विभाग, आपदा प्रबंधन, अग्निशमन विभाग, चिकित्सा विभाग और राजस्व विभाग सहित कई अन्य एजेंसियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। इस दौरान त्वरित सूचना आदान-प्रदान, रेस्क्यू ऑपरेशन, प्राथमिक उपचार और राहत कार्यों का सफल प्रदर्शन किया गया।
मॉक ड्रिल के माध्यम से जिले के आपदा प्रबंधन तंत्र की तत्परता और समन्वय क्षमता का आकलन किया गया। साथ ही भविष्य में किसी भी आपदा की स्थिति में तेजी से और प्रभावी ढंग से कार्रवाई सुनिश्चित करने की दिशा में यह अभ्यास महत्वपूर्ण साबित हुआ।
प्रशासन ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि आपदा की स्थिति में घबराने के बजाय संयम बनाए रखें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
पूरे मॉक ड्रिल के दौरान आपदा कंट्रोल रूम से जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी विनीत पाल द्वारा समन्वय स्थापित करते हुए सूचनाओं का सुचारू आदान-प्रदान सुनिश्चित किया गया।
