Wed. Mar 18th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोडा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत सोमेश्वर के रामलीला मैदान में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने प्रतिभाग करते हुए आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है और इस प्रकार के शिविर इस दिशा में प्रभावी साबित हो रहे हैं।
शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 111 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
इसके अलावा शिविर में 552 लाभार्थियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया। समाज कल्याण विभाग द्वारा पात्र दिव्यांगजनों और जरूरतमंदों को सहायक उपकरण वितरित किए गए, जबकि महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा महिलाओं को 3 महालक्ष्मी किट प्रदान की गईं।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाकर सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और मौके पर ही पात्र व्यक्तियों का पंजीकरण व लाभ वितरण सुनिश्चित किया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा, उपजिलाधिकारी संजय कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनता मौजूद रही।