Wed. Mar 18th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ग्रामीण उद्यम वेग वृद्धि परियोजना (रीप) के अंतर्गत दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ नगर के एक होटल में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन ग्राम्य विकास विभाग के परियोजना निदेशक एन तिवारी द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
जिला परियोजना प्रबंधक राजेश मठपाल ने बताया कि यह प्रशिक्षण मुख्य विकास अधिकारी के दिशानिर्देशन में एनआरएलएम द्वारा गठित एवं ग्रामोत्थान, रीप द्वारा अंगीकृत क्लस्टरों में नवनियुक्त कार्मिकों के लिए आयोजित किया गया है।
प्रशिक्षण के पहले दिन जिला स्तरीय कार्मिकों के साथ विकासखंड चौखुटिया, भिक्यासैंण, सल्ट, स्याल्दे और ताकुला के सीएलएफ के नवनियुक्त कार्मिकों ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर परियोजना निदेशक एन तिवारी ने प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि सभी कार्मिक अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा से करें और दूरस्थ क्षेत्रों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करें।
कार्यक्रम के दौरान परिचय सत्र के साथ-साथ परियोजना की गतिविधियों पर विस्तृत जानकारी दी गई। सहायक प्रबंधक (मूल्यांकन एवं अनुश्रवण) द्वारा पीपीटी के माध्यम से परियोजना का प्रस्तुतीकरण किया गया, जबकि वैल्यू चेन से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
समापन सत्र में प्रशिक्षणार्थियों को उद्यम स्थापना, व्यवसाय विकास, बाजार व्यवस्था एवं लाभ से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं और कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में परियोजना निदेशक, जिला परियोजना प्रबंधक, विभिन्न सहायक प्रबंधक, यंग प्रोफेशनल्स सहित पांचों विकासखंडों के एम एंड ई तथा सीएलएफ के नवनियुक्त कार्मिकों सहित लगभग 80 प्रतिभागियों ने भाग लिया।