जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा जिला रेडक्रॉस सोसाइटी की बैठक जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करते हुए जरूरतमंदों तक बेहतर सेवाएं पहुंचाने के लिए अहम निर्णय लिए गए।
बैठक के दौरान रेडक्रॉस पदाधिकारियों ने स्ट्रेचर, शव वाहन, व्हील चेयर और एम्बुलेंस खरीदने का प्रस्ताव रखा। जिलाधिकारी ने इन प्रस्तावों पर सहमति देते हुए कहा कि इससे आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सहायता उपलब्ध कराना आसान होगा।
इसके साथ ही समाज कल्याण विभाग के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर अधिक से अधिक लोगों तक रेडक्रॉस की सेवाएं पहुंचाने पर भी जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने जनहित से जुड़ी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि ब्लॉक स्तर पर गठित रेडक्रॉस सोसाइटी के सदस्यों को आपदा के समय राहत एवं बचाव कार्यों का प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे आपदा की स्थिति में रेडक्रॉस की भूमिका और अधिक सशक्त बन सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि रेडक्रॉस सोसाइटी समाज सेवा का एक महत्वपूर्ण माध्यम है और इसके जरिए जरूरतमंदों तक त्वरित सहायता पहुंचाना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर चेयरमैन रेडक्रॉस सोसाइटी आशीष वर्मा, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. योगेश पुरोहित, प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज सनवाल, यूथ रेडक्रॉस चेयरमैन अमित शाह (मोनू) सहित अन्य पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
