जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में जिला अस्पताल एवं बेस अस्पताल में संचालित ब्लड बैंकों के सुदृढ़ संचालन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में ब्लड बैंकों की कार्यप्रणाली, उपलब्ध संसाधनों और रक्त की मांग-आपूर्ति की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि ब्लड बैंकों का संचालन व्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से सुनिश्चित किया जाए तथा आवश्यकतानुसार पर्याप्त रक्त भंडारण बनाए रखा जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में मरीजों को रक्त की कमी का सामना न करना पड़े। उन्होंने स्पष्ट किया कि मरीजों को समय पर और सहज रूप से रक्त उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने रेडक्रॉस सोसाइटी के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश देते हुए कहा कि इस पुण्य कार्य में सभी को आगे आकर सहयोग करना चाहिए, जिससे व्यवस्थाएं और अधिक मजबूत बन सकें।
जिलाधिकारी ने स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देने के लिए व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने और नियमित रक्तदान शिविर आयोजित करने पर जोर दिया, ताकि अधिक से अधिक लोग इसमें भागीदारी कर सकें।
बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि रेयर ब्लड ग्रुप वाले दाताओं का एक सुव्यवस्थित और अद्यतन रिकॉर्ड तैयार किया जाए, जिससे आवश्यकता पड़ने पर उनसे तत्काल संपर्क किया जा सके। साथ ही ब्लड बैंकों में उपलब्ध रक्त की जानकारी पारदर्शी और सुगम तरीके से उपलब्ध कराने पर भी बल दिया गया, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को अनावश्यक परेशानियों से बचाया जा सके।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए ब्लड बैंक सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं जनहितकारी बनाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर प्रिंसिपल राजकीय मेडिकल कॉलेज सीपी भैंसोड़ा, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. योगेश पुरोहित, रेडक्रॉस सोसाइटी के प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज सनवाल, यूथ रेडक्रॉस चेयरमैन अमित शाह (मोनू) सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
