Sat. Mar 21st, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र की अध्यक्षता में उत्तराखंड चिकित्सा चयन बोर्ड द्वारा आयोजित फार्मासिस्ट भर्ती परीक्षा की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ परीक्षा के सफल, निष्पक्ष और पारदर्शी आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
अपर जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि फार्मासिस्ट भर्ती परीक्षा 22 मार्च 2026 को आयोजित की जाएगी। जनपद अल्मोड़ा में यह परीक्षा सोबन सिंह जीना राजकीय मेडिकल कॉलेज में स्थापित परीक्षा केंद्र पर संपन्न कराई जाएगी, जहां कुल 275 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा के दौरान शांति एवं सुव्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जाएं। परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा, पेयजल, विद्युत, बैठने की व्यवस्था सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।
अपर जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि परीक्षा प्रक्रिया की गोपनीयता और पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ करें, ताकि परीक्षा निर्विघ्न और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
बैठक में प्रिंसिपल राजकीय मेडिकल कॉलेज सीपी भैंसोड़ा, उपजिलाधिकारी सदर संजय कुमार, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. योगेश पुरोहित, तहसीलदार ज्योति धपवाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।