Tue. Apr 14th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा जनपद में मुख्यमंत्री द्वारा की गई विकासपरक घोषणाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। इसी क्रम में कलेक्ट्रेट स्थित वीसी कक्ष में जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें 04 जुलाई 2021 से अब तक की गई घोषणाओं की विभागवार समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री घोषणाएं शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं, इसलिए इनके क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण किया जाए और प्रगति पर चल रहे कार्यों में तेजी लाई जाए।
उन्होंने परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग पर जोर देते हुए कहा कि सभी विभाग अपनी योजनाओं की अद्यतन जानकारी निर्धारित पोर्टल पर समय-समय पर अपलोड करें, जिससे पारदर्शिता बनी रहे और उच्च स्तर पर सटीक जानकारी उपलब्ध हो सके।
जिलाधिकारी ने विकास कार्यों की गुणवत्ता को सर्वोपरि बताते हुए कहा कि योजनाएं केवल समय पर पूरी होना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका गुणवत्तापूर्ण होना भी अनिवार्य है। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, यह सुनिश्चित करना सभी विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है।
बैठक में परियोजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने कार्यों में आ रही बाधाओं का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों को शासन द्वारा निर्धारित प्रारूप में समय से अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराने के लिए भी कहा गया।
विभिन्न विभागों द्वारा प्रस्तुत प्रगति रिपोर्ट का गहन अवलोकन करते हुए जिलाधिकारी ने धीमी प्रगति वाले विभागों को चेतावनी दी कि वे तुरंत सुधारात्मक कदम उठाएं। उन्होंने टीम वर्क और आपसी समन्वय पर जोर देते हुए कहा कि बेहतर परिणाम के लिए सभी विभाग मिलकर कार्य करें।
जिलाधिकारी ने दो टूक कहा कि विकास कार्य केवल कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि धरातल पर भी दिखाई देने चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को नियमित स्थलीय निरीक्षण करने और कार्यों की सतत निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी रेणु भंडारी सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।