Tue. Apr 14th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज अल्मोड़ा उत्तराखंड

अल्मोड़ा जनपद में एचपीवी (HPV) वैक्सीनेशन को लेकर कलेक्ट्रेट में अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में वैक्सीनेशन अभियान की प्रगति, उसकी आवश्यकता तथा प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि एचपीवी वैक्सीन महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में अत्यंत प्रभावी है। उन्होंने निर्देश दिए कि लक्षित वर्ग के शत-प्रतिशत टीकाकरण को सुनिश्चित किया जाए, ताकि इस गंभीर बीमारी से बचाव संभव हो सके।
उन्होंने कहा कि इस अभियान को सफल बनाने के लिए विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं स्वास्थ्य संस्थानों के माध्यम से व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएं। साथ ही समाज में फैली भ्रांतियों और गलत धारणाओं को दूर करने के लिए वैज्ञानिक एवं सही जानकारी का प्रसार किया जाए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसामान्य तक सरल एवं प्रभावी माध्यमों से जानकारी पहुंचाई जाए और वैक्सीनेशन के प्रति सकारात्मक माहौल तैयार किया जाए।
प्रभारी मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अरविंद पांगती ने जानकारी देते हुए बताया कि यह वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित एवं प्रभावी है। उन्होंने बताया कि यह टीका विशेष रूप से 14 से 15 वर्ष की बालिकाओं के लिए अत्यंत आवश्यक है, जबकि 45 वर्ष तक की महिलाओं के लिए भी यह लाभकारी है। इस वैक्सीन से गर्भाशय (सर्वाइकल) कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
उन्होंने यह भी बताया कि जनपद के सभी ब्लॉकों के चिकित्साधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करें और बालिकाओं का टीकाकरण सुनिश्चित करें।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।