जनतानामा न्यूज़ अल्मोडा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा नगर के कुर्मांचल स्कूल के समीप स्थित एक भवन की संकीर्ण गली में बीती रात्रि लगभग 9 बजे एक गाय गिर गई, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पार्षद अमित साह मोनू मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
पार्षद द्वारा तुरंत फायर सर्विस, नगर निगम एवं आपदा कंट्रोल रूम को सूचना दी गई। नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन गली के अत्यधिक संकीर्ण होने और आवश्यक संसाधनों के अभाव में गाय को निकालना संभव नहीं हो सका।


गाय की हालत बिगड़ती देख पार्षद ने तत्काल जिलाधिकारी अंशुल सिंह को पूरे मामले से अवगत कराया। जिलाधिकारी ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए संबंधित विभागों को तत्काल प्रभाव से रेस्क्यू अभियान शुरू करने के निर्देश दिए।
रात्रि करीब 12 बजे आपदा प्रबंधन अधिकारी विनीत पाल और फायर सर्विस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। इस दौरान नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त लक्ष्मण भंडारी भी मौके पर मौजूद रहे। इसके बाद संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया, जो देर रात तक जारी रहा।
लगातार प्रयासों के बाद करीब रात्रि 2 बजे गाय को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस पूरे अभियान के दौरान पार्षद अमित साह मोनू मौके पर डटे रहे और हर गतिविधि की निगरानी करते रहे।
रेस्क्यू अभियान की सफलता पर पार्षद ने जिलाधिकारी का आभार व्यक्त किया। वहीं स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन, नगर निगम, आपदा प्रबंधन और फायर सर्विस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।