जनतानामा न्यूज़ अल्मोडा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा जनपद में न्यायालय द्वारा बरी किए गए मामलों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र की अध्यक्षता में आयोजित जनपद स्तरीय समिति की बैठक में पिछले तीन माह के दौरान निस्तारित मामलों की गहन समीक्षा की गई।
बैठक में विशेष रूप से उन प्रकरणों पर विस्तृत चर्चा की गई, जिनमें आरोपियों को न्यायालय से बरी किया गया। इन मामलों में आई कमियों का विश्लेषण करते हुए अभियोजन पक्ष को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया, ताकि भविष्य में न्यायालय में प्रभावी पैरवी सुनिश्चित हो सके।
प्रकरणवार समीक्षा के दौरान साक्ष्य संकलन, विवेचना की गुणवत्ता और न्यायालय में प्रस्तुतिकरण जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। अपर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि साक्ष्यों के संकलन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि मामलों की प्रभावी पैरवी के लिए ठोस रणनीति तैयार की जाए, जिससे आरोपियों के बरी होने की घटनाओं में कमी लाई जा सके।
बैठक में प्रोग्राम ऑफिसर सुनीता भट्ट, डीजीसी क्रिमिनल और क्षेत्राधिकारी बलवंत रावत सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
