Sat. Apr 18th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोडा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के विज्ञान संकाय की फैकल्टी बोर्ड की महत्वपूर्ण बैठक गणित विभाग में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संकायाध्यक्ष प्रोफेसर सुशील चंद्र जोशी ने की, जिसमें विभिन्न विषयों के विशेषज्ञों और विभागाध्यक्षों ने प्रतिभाग किया।
बैठक में बाह्य विशेषज्ञों के रूप में प्रोफेसर के.के. (लखनऊ विश्वविद्यालय), प्रोफेसर एस.एस. पथनी (कुमाऊं विश्वविद्यालय) तथा प्रोफेसर आशुतोष कुमार भट्ट (ओपन यूनिवर्सिटी, हल्द्वानी) सहित विज्ञान संकाय के सभी विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे। इस दौरान बोर्ड ऑफ स्टडीज (BoS) की बैठकों में प्रस्तावित पाठ्यक्रम परिवर्तनों को अनुमोदन के लिए प्रस्तुत किया गया, जिन्हें सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक में विश्वविद्यालय परिसर पिथौरागढ़ में “डिपार्टमेंट ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन” का नाम बदलकर “डिपार्टमेंट ऑफ कंप्यूटर साइंस” करने का प्रस्ताव पारित किया गया। इसके साथ ही “डिपार्टमेंट ऑफ जियोलॉजी” का नाम बदलकर “डिपार्टमेंट ऑफ अर्थ साइंस” करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई।
डीन एकेडमिक्स प्रोफेसर ए.के. यादव ने नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेंसिक साइंस (गृह मंत्रालय) के प्रस्ताव को स्वीकार करते हुए फॉरेंसिक शिक्षा को बढ़ावा देने पर बल दिया।
बैठक में छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए 16 रोजगारपरक कोर्सों को भी स्वीकृति दी गई। इनमें बीएससी व एमएससी फॉरेंसिक साइंस, पीजी डिप्लोमा व एमएससी साइबर सिक्योरिटी, क्लिनिकल साइकोलॉजी, क्रिमिनोलॉजी, टूरिज्म, योग, पर्सनैलिटी डेवलपमेंट, फोटोग्राफी और सिनेमैटोग्राफी जैसे कोर्स शामिल हैं।
विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि इन नए पाठ्यक्रमों से छात्रों को आधुनिक एवं रोजगारपरक शिक्षा प्राप्त होगी, जिससे उनके करियर के अवसरों में वृद्धि होगी।