जनतानामा न्यूज़ अल्मोडा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा जनपद में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर लंबित शिकायतों को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ वर्चुअल माध्यम से बैठक कर लंबित प्रकरणों की गहन समीक्षा की।
बैठक के दौरान विभागवार लंबित शिकायतों का एक-एक कर परीक्षण किया गया। अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन को शासन की प्राथमिकता बताते हुए उन्होंने कहा कि इसमें प्राप्त शिकायतों का त्वरित समाधान प्रशासन की जिम्मेदारी का अहम हिस्सा है।
अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को शिकायत निस्तारण में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक प्रकरण में की गई कार्रवाई का स्पष्ट विवरण पोर्टल पर दर्ज किया जाए। साथ ही, जिन मामलों में देरी हो रही है, उनके कारणों की समीक्षा कर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि शिकायतकर्ता से फोन पर संपर्क कर उनकी संतुष्टि सुनिश्चित की जाए।
बैठक में विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।
