Wed. Apr 22nd, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर रेडक्रॉस के एक शिष्टमंडल ने शहर कोतवाल योगेश उपाध्याय से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने विशेष रूप से स्कूल खुलने और छुट्टी के समय विद्यालयों के आसपास पुलिस की नियमित तैनाती सुनिश्चित करने की मांग की।
शिष्टमंडल ने बताया कि सुबह और छुट्टी के समय स्कूलों के बाहर अत्यधिक भीड़ और अव्यवस्थित यातायात के चलते बच्चों की सुरक्षा खतरे में रहती है। कई स्थानों पर तेज रफ्तार दोपहिया वाहन चालक नियमों की अनदेखी करते हुए गुजरते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
ज्ञापन के माध्यम से रेडक्रॉस पदाधिकारियों ने मांग की कि प्रमुख विद्यालयों के बाहर पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई जाए, ताकि यातायात को नियंत्रित किया जा सके और बच्चों को सुरक्षित माहौल मिल सके। साथ ही तेज गति से वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की भी बात कही गई।
शहर कोतवाल ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस संबंध में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान शिष्टमंडल में रेडक्रॉस के प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज सनवाल, यूथ रेडक्रॉस चेयरमैन अमित साह मोनू, व्यापार मंडल नगर अध्यक्ष अजय वर्मा, कृष्ण बहादुर सिंह एवं प्रधान विनोद जोशी सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।