जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा, 29 अप्रैल 2026 आगामी 1 मई को डोल आश्रम में प्रस्तावित मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के भ्रमण कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। डोल आश्रम के वार्षिकोत्सव एवं बैसाख पूर्णिमा के अवसर पर होने वाले इस कार्यक्रम के मद्देनजर जिलाधिकारी ने स्वयं मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने अस्थायी हेलीपैड, आवागमन मार्ग एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं और विभिन्न स्थलों के लिए अलग-अलग अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाए।
जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि डोल आश्रम प्रबंधन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए सभी निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर घोड़के, मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, उपजिलाधिकारी संजय कुमार, जैंती-भनोली की उपजिलाधिकारी सौम्या गर्ब्याल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
