Thu. Apr 30th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा, 29 अप्रैल 2026 समाज कल्याण विभाग उत्तराखण्ड एवं उत्तराखण्ड वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद के संयुक्त तत्वावधान में हल्द्वानी (नैनीताल) में 29 एवं 30 अप्रैल को आयोजित होने वाले वरिष्ठ नागरिक खेल एवं सम्मान कार्यक्रम के लिए अल्मोड़ा की फुटबॉल टीम को रवाना किया गया।
रघुनाथ सिटी मॉल, अल्मोड़ा से जिलाधिकारी अंशुल सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चन्द्रशेखर आर घोड़के ने टीम को हरी झंडी दिखाकर प्रतियोगिता के लिए विदा किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से वरिष्ठ नागरिकों में खेल भावना को बढ़ावा मिलता है और समाज में उनके योगदान को सम्मानित करने का अवसर मिलता है।
टीम में जनपद के वरिष्ठ खिलाड़ी जंग बहादुर थापा, मनोज सनवाल, आशीष वर्मा, अनुप साह, डॉ. जे.सी. दुर्गापाल, नरेन्द्र सिंह, राजेन्द्र प्रसाद गुरूरानी, कमालउद्दीन, करन सिंह मर्तोलिया, हीरा सिंह रावत एवं नरेन्द्र सिंह बिष्ट सहित अन्य खिलाड़ी शामिल हैं।
इस दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी शैलेन्द्र पाण्डे, टीम कोच हरीश कनवाल सहित विभागीय कार्मिक भी मौजूद रहे।