Thu. Apr 30th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा, 29 अप्रैल 2026 जनपद में वनाग्नि की घटनाओं पर नियंत्रण के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी अंशुल सिंह के निर्देशों पर संचालित इस अभियान के तहत ग्राम पंचायत स्तर पर जागरूकता शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिन्हें चरणबद्ध तरीके से सभी 1160 ग्राम पंचायतों तक पहुंचाया जाएगा।
अभियान के पहले दो दिनों (28 एवं 29 अप्रैल) में ही जिले के विभिन्न विकासखंडों की 576 ग्राम पंचायतों में कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें कुल 9055 लोगों ने भाग लिया। इन शिविरों में ग्रामीणों को वनाग्नि के कारण, उससे होने वाले नुकसान और बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रमों में जल स्रोतों पर वनाग्नि के प्रभाव, जैव विविधता को होने वाले नुकसान और बढ़ते मानव-वन्यजीव संघर्ष जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी जागरूक किया गया। साथ ही, प्रत्येक ग्राम पंचायत में सायंकाल “वनाग्नि चौपाल” आयोजित कर स्थानीय लोगों के साथ संवाद स्थापित किया जा रहा है और व्यावहारिक समाधान साझा किए जा रहे हैं।
जिलाधिकारी ने अपील की है कि जंगलों की सुरक्षा के लिए प्रशासन और आमजन को मिलकर काम करना होगा, तभी वनाग्नि की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शेष 584 ग्राम पंचायतों में भी शीघ्र कार्यक्रम आयोजित कर अभियान को सफलतापूर्वक पूरा किया जाए, ताकि पर्यावरण संरक्षण को मजबूती मिल सके।