जनतानामा न्यूज़ अल्मोडा उत्तराखण्ड
हुकुम सिंह बोरा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय सोमेश्वर में आयोजित वार्षिकोत्सव 2025-26 समारोह में प्रदेश की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत चयनित मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र और प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि मेधावी विद्यार्थियों की सूची में छात्राओं की बड़ी संख्या शिक्षा के क्षेत्र में बेटियों की निरंतर प्रगति और सशक्तिकरण का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि यह समाज में सकारात्मक बदलाव का संकेत है।
रेखा आर्या ने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में बालिकाओं की शिक्षा और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। प्रदेश सरकार भी मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है।
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि छात्र जीवन में केवल पुस्तकीय ज्ञान ही पर्याप्त नहीं होता, बल्कि अनुशासन, समर्पण, परिश्रम और देशभक्ति जैसे गुणों का विकास भी आवश्यक है।

मंत्री ने कहा कि अपने कार्यकाल में उन्होंने महाविद्यालय के विकास के लिए लगातार प्रयास किए हैं और जो कार्य अभी अधूरे हैं, उन्हें भी प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाएगा।
कार्यक्रम में प्राचार्य प्रो. एके जोशी, जिला पंचायत सदस्य संतोष कुमार, कुंदन भंडारी, भुवन जोशी, खड़क सिंह नेगी, शंकर बिष्ट, कमल गिरी, धीरज जोशी, सुरेश बोरा, प्रो. कमला धौलाखंडी, डॉ. सीपी वर्मा, डॉ. कंचन वर्मा, डॉ. राकेश पांडे, डॉ. भावना, नीरज पांडे, छात्रसंघ अध्यक्ष सलोनी भंडारी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।