जनतानामा न्यूज़ अल्मोडा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा जिलाधिकारी अंशुल सिंह की देखरेख में सोमवार को हवालबाग स्थित लाइन स्टेट फार्म में गेहूं की फसल की क्रॉप कटिंग का कार्य संपन्न हुआ। इस दौरान जिलाधिकारी स्वयं खेतों में पहुंचे और गेहूं की फसल काटकर किसानों से संवाद किया। उन्होंने किसानों की समस्याएं सुनीं और कृषि से जुड़े सुझाव भी लिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि राजस्व विभाग एवं कृषि सांख्यिकी विभाग द्वारा संयुक्त रूप से किए जाने वाले क्रॉप कटिंग प्रयोगों से प्राप्त आंकड़ों का उपयोग फसल उत्पादन का अनुमान लगाने, उत्पादकता की गणना करने तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत बीमा दावों के भुगतान में किया जाता है। साथ ही ये आंकड़े सरकार एवं संबंधित संस्थाओं को किसानों के हित में योजनाएं और नीतियां बनाने में भी मदद करते हैं।
क्रॉप कटिंग प्रयोग के तहत चयनित खेतों में 5×6 यानी 30 वर्ग मीटर के दो प्रयोगात्मक प्लॉट बनाए गए। इन प्लॉटों में गेहूं के पौधों की कटाई कर बालियां एकत्र की गईं। प्रथम प्लॉट में 12.4 किलोग्राम तथा द्वितीय प्लॉट में 13 किलोग्राम गेहूं की बालियां प्राप्त हुईं।
इस मौके पर जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में ऐसी फसलों को बढ़ावा देने की जरूरत है जो जलवायु के अनुकूल होने के साथ-साथ जंगली जानवरों से भी सुरक्षित रहें। उन्होंने विवेकानंद पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान के अधिकारियों को इस दिशा में व्यापक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित विभागों से किसानों को आधुनिक तकनीक आधारित खेती के लिए प्रेरित करने को कहा।
उन्होंने कहा कि बागवानी, बेमौसमी सब्जियां और मेडिकेटेड फसलें किसानों के लिए बेहतर विकल्प बन सकती हैं। परंपरागत खेती के तौर-तरीकों में बदलाव कर आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाना समय की आवश्यकता है।
इस दौरान अपर सांख्यिकी अधिकारी अशोक कुमार, तहसीलदार सदर रवि शाह, विवेकानंद पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान के कृषि विशेषज्ञ समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
