जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा, खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा जनपद के विभिन्न मेडिकल प्रतिष्ठानों में औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई औषधि निरीक्षक पूजा जोशी के नेतृत्व में की गई, जिसमें मेडिकल स्टोरों के ड्रग लाइसेंस, दवाओं के स्टॉक तथा बिक्री और खरीद से संबंधित अभिलेखों की जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान विभागीय टीम ने यह सुनिश्चित किया कि दवाओं की बिक्री केवल पंजीकृत फार्मासिस्ट की उपस्थिति में तथा पंजीकृत चिकित्सकों के वैध पर्चों के आधार पर ही की जा रही है। साथ ही मेडिकल प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों और रिकॉर्डिंग व्यवस्था की भी गहन जांच की गई।
जांच के दौरान तीन मेडिकल प्रतिष्ठानों में विभिन्न प्रकार की अनियमितताएं पाई गईं। इसके आधार पर संबंधित प्रतिष्ठानों को सात दिवस के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
औषधि निरीक्षक पूजा जोशी ने बताया कि जनपद में मेडिकल प्रतिष्ठानों के खिलाफ निरीक्षण और जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि दवा बिक्री में पारदर्शिता और निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित किया जा सके।
