जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा विकासखंड हवालबाग जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ ने प्रधानमंत्री को भेजे ज्ञापन में शिक्षकों की विभिन्न लंबित मांगों और समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। संघ ने कहा कि शिक्षकों की सेवा सुरक्षा, पदोन्नति, पेंशन, स्थानांतरण और स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर सरकार को समयबद्ध और व्यावहारिक निर्णय लेने चाहिए।
संघ ने मांग की कि प्रदेश के प्रारंभिक और जूनियर हाईस्कूल शिक्षकों को पूरे सेवाकाल में तीन पदोन्नतियां सुनिश्चित की जाएं। शिक्षकों का कहना है कि लंबे समय तक एक ही पद पर कार्य करने से उनमें निराशा बढ़ती है और कार्यक्षमता प्रभावित होती है। इसलिए कार्मिक एवं सतर्कता विभाग के आदेशों के अनुरूप पदोन्नति व्यवस्था लागू की जानी चाहिए।
ज्ञापन में जूनियर हाईस्कूलों में अंग्रेजी विषय का पांचवां पद सृजित करने की मांग भी की गई। संघ का कहना है कि वर्तमान समय में अंग्रेजी शिक्षा की आवश्यकता बढ़ गई है, लेकिन विद्यालयों में पर्याप्त शिक्षक उपलब्ध नहीं हैं, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
शिक्षक संघ ने पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग को भी प्रमुखता से उठाया। उनका कहना है कि वर्ष 2005 की एक ही विज्ञप्ति के आधार पर नियुक्त कुछ जिलों के शिक्षकों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ दिया गया, जबकि अन्य जिलों के शिक्षक अब भी इससे वंचित हैं। संघ ने सभी शिक्षकों को समान लाभ देने की मांग की।
इसके साथ ही शिक्षकों ने प्रारंभिक एवं जूनियर हाईस्कूल शिक्षकों को माध्यमिक विद्यालयों की तरह एक बार अंतरजनपदीय स्थानांतरण की सुविधा देने की मांग भी उठाई। उनका कहना है कि कई शिक्षक वर्षों से दूरस्थ क्षेत्रों में कार्यरत हैं और पारिवारिक कारणों से स्थानांतरण आवश्यक हो गया है।
ज्ञापन में सातवें वेतनमान के बाद चयन प्रोन्नत वेतनमान लागू करने, पदोन्नति पर अतिरिक्त वेतन वृद्धि देने, निशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और विद्यालयी खेल प्रतियोगिताओं के लिए पर्याप्त बजट जारी करने की मांग भी की गई।
संघ ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए शिक्षकों का मनोबल ऊंचा होना जरूरी है और इसके लिए उनकी लंबित समस्याओं का समाधान आवश्यक है।
