Tue. May 19th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

देहरादून/ऋषिकेश, 19 मई। भुवन चंद्र खंडूड़ी के आकस्मिक निधन पर पूरे उत्तराखंड में शोक की लहर दौड़ गई है। राज्य सरकार ने उनके सम्मान में 19 मई से 21 मई तक तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। वहीं, 20 मई को पुलिस सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। इस अवसर पर बुधवार को प्रदेश में सार्वजनिक अवकाश भी घोषित किया गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) भुवन चंद्र खंडूड़ी के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने भारतीय सेना में रहते हुए राष्ट्र सेवा, अनुशासन और समर्पण का अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में भी खंडूड़ी ने उत्तराखंड में सुशासन, पारदर्शिता और ईमानदार कार्यशैली की मजबूत पहचान बनाई तथा प्रदेशहित में अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लेकर विकास को नई दिशा प्रदान की।
इधर, प्रेमचंद अग्रवाल ने भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में स्व. भुवन चंद्र खंडूड़ी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा उनकी तस्वीर पर पुष्प अर्पित किए।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष मनोज ध्यानी, जिला प्रभारी दीपक धमीजा, कपिल गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष राजू शर्मा, ओबीसी मोर्चा जिला अध्यक्ष राजपाल ठाकुर, महामंत्री दीपक बिष्ट, नितिन सक्सेना, पार्षद आशु डंग, राजेश दिवाकर, राजेंद्र बिजल्वाण, गंभीर मेवाड़, चंदू यादव, जयप्रकाश ठेकेदार, राम सिंह पंवार, राकेश पार्चा, अमन पांडे और अविनाश भारद्वाज सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।