जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा अल्मोड़ा–सोमेश्वर मोटर मार्ग की बदहाल स्थिति ने एक बार फिर लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। पहले से ही जगह-जगह गड्ढों और टूटी सड़क से जूझ रहे इस मार्ग पर अब कलमट निर्माण के लिए की जा रही खुदाई ने हालात और बिगाड़ दिए हैं। मंगलवार को सड़क के बीच खुदे हिस्से में एक भारी ट्रक फंस गया, जिसके बाद मार्ग पर लंबा जाम लग गया।


वाहनों की लंबी कतारें लगने से यात्रियों, स्कूली बच्चों और स्थानीय लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लोगों का कहना है कि सड़क की हालत लंबे समय से खराब बनी हुई है, लेकिन जिम्मेदार विभाग और जनप्रतिनिधि लगातार अनदेखी कर रहे हैं।

स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि यह क्षेत्र प्रदेश की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या का विधानसभा क्षेत्र है, इसके बावजूद सड़क की दुर्दशा सुधरने का नाम नहीं ले रही। लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य बिना वैकल्पिक व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों के किया जा रहा है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से तत्काल सड़क मरम्मत, निर्माण कार्य में तेजी और यातायात व्यवस्था सुचारु करने की मांग की है।