जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स (AIOCD) के आह्वान पर 20 मई 2026, बुधवार को देशभर में केमिस्ट्स बंद का आयोजन किया जाएगा। दवा व्यापारियों ने ऑनलाइन दवा बिक्री, कॉरपोरेट कंपनियों द्वारा भारी छूट और नकली दवाइयों के बढ़ते खतरे के खिलाफ इस बंद का समर्थन किया है।
दवा व्यापारियों का कहना है कि ऑनलाइन दवा बिक्री से छोटे मेडिकल स्टोरों का कारोबार प्रभावित हो रहा है, वहीं बिना उचित निगरानी के दवाइयों की बिक्री मरीजों की सेहत के लिए भी खतरा बन सकती है। उन्होंने केंद्र सरकार से जीएसआर 817 दिनांक 28 अगस्त 2018 को वापस लेने की मांग की है।
इसके अलावा व्यापारियों ने आरोप लगाया कि बड़ी कॉरपोरेट कंपनियां भारी डिस्काउंट देकर बाजार की प्रतिस्पर्धा को खत्म कर रही हैं, जिससे छोटे व्यापारी आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। संगठन ने कोविड काल के दौरान जारी जीएसआर 220 दिनांक 26 मार्च 2020 को भी वापस लेने की मांग उठाई है।
व्यापारियों ने कहा कि नकली दवाइयों की बढ़ती समस्या देश के लिए गंभीर चिंता का विषय है और सरकार को इस पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। बंद के दौरान कई स्थानों पर मेडिकल व्यापारियों द्वारा प्रदर्शन और ज्ञापन कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
