जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा ने कलेक्ट्रेट में आयोजित समीक्षा बैठक में सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा शिकायतों के निस्तारण की प्रगति की समीक्षा की गई। सीडीओ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए उसका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही शिकायतकर्ता से दूरभाष के माध्यम से अनिवार्य रूप से संपर्क कर समस्या की वास्तविक स्थिति की जानकारी लेने को कहा।
उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में केवल औपचारिकता न निभाई जाए, बल्कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में जानकारी दी गई कि जनपद में सर्वाधिक शिकायतें पेयजल विभाग, जल संस्थान, यूपीसीएल तथा ग्राम्य विकास विभाग से संबंधित प्राप्त हो रही हैं। इस पर सीडीओ ने संबंधित विभागों को विशेष सतर्कता बरतने, लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने तथा शिकायतों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
