जनतानामा न्यूज अलमोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा नगर की सबसे महत्वपूर्ण सड़कों में शुमार माल रोड के डामरीकरण में हो रही देरी को लेकर कांग्रेस ने लोक निर्माण विभाग और भाजपा नेताओं के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस महानगर अध्यक्ष ताराचंद जोशी ने आरोप लगाया कि दो माह पूर्व भाजपा नेताओं और विभागीय अधिकारियों ने माल रोड में हॉटमिक्स डामरीकरण के लिए टेंडर होने तथा जल्द कार्य शुरू होने की सार्वजनिक घोषणा की थी, लेकिन आज तक सड़क पर काम शुरू नहीं हो सका।

उन्होंने कहा कि माल रोड के कलवर्ट निर्माण का कार्य करीब पंद्रह दिन पहले पूरा हो चुका है, इसके बावजूद डामरीकरण नहीं किया गया। कांग्रेस का आरोप है कि विभागीय लापरवाही के कारण नगर की मुख्य सड़क लगातार बदहाल होती जा रही है और आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और उखड़ी हुई सतह दुर्घटनाओं को न्योता दे रही है। बरसात शुरू होने के बाद स्थिति और गंभीर हो सकती है। पार्टी का कहना है कि इस मुद्दे को लेकर पूर्व में जेल रोड में धरना-प्रदर्शन कर ज्ञापन भी सौंपा गया था, लेकिन आश्वासनों के अलावा कोई कार्रवाई नहीं हुई।
कांग्रेस ने लोक निर्माण विभाग को एक सप्ताह का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय के भीतर माल रोड का हॉटमिक्स डामरीकरण शुरू नहीं किया गया तो अधीक्षण अभियंता का घेराव किया जाएगा और व्यापक जनआंदोलन छेड़ा जाएगा।
पार्टी नेताओं ने कहा कि नगर की पहचान मानी जाने वाली माल रोड की अनदेखी जनता के साथ अन्याय है। कांग्रेस ने प्रशासन और विभाग से तत्काल निर्माण कार्य शुरू कर लोगों को सुरक्षित एवं सुगम यातायात सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है।