Tue. Jun 9th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा नगर के विवेकानंद पुरी वार्ड में सोमवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) से जुड़े नेता की पत्नी ने कथित रूप से खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसी महिला को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार विवेकानंद पुरी निवासी मोहित साह अपनी 38 वर्षीय पत्नी लता साह और 13 वर्षीय पुत्र के साथ रहते हैं। सोमवार सुबह मोहित अपने बेटे को स्कूल छोड़ने गए थे। इसी दौरान आसपास के लोगों ने उनके घर से धुआं उठता देखा और तत्काल उन्हें सूचना दी।
स्थानीय लोगों ने घर का दरवाजा खोलने का प्रयास किया, लेकिन दरवाजा अंदर से बंद था। मोहित के मौके पर पहुंचने के बाद दरवाजा तोड़ा गया। अंदर लता साह गंभीर रूप से झुलसी हुई मिलीं। उन्हें तत्काल स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक और सनसनी का माहौल है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। कोतवाली प्रभारी योगेश चंद्र उपाध्याय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जाएगी।