Wed. Jul 1st, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर जन समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से अल्मोड़ा में 4 जुलाई से सात दिवसीय ‘सेवा सप्ताह’ अभियान शुरू होगा। अभियान के तहत जिला, ब्लॉक और तहसील स्तर पर विशेष बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिनमें विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर ही लोगों की समस्याओं का समाधान करेंगे।
अभियान की तैयारियों को लेकर बुधवार को जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग शिविरों को गंभीरता से लें और अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। अधिकारियों को स्वयं शिविरों में उपस्थित रहकर शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शिविरों में आधार कार्ड, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड सहित अन्य आवश्यक सेवाएं भी मौके पर उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि लोगों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने शिविरों के सफल संचालन के लिए विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियां भी तय कीं।
मुख्य कार्यक्रम 4 जुलाई 2026 को मल्ला महल में आयोजित किया जाएगा। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को आयोजन की सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, परियोजना निदेशक के. एन. तिवारी सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।