जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने अल्मोड़ा विधानसभा क्षेत्र में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के अंतर्गत ₹8.10 करोड़ की लागत से होने वाले दो सड़क कार्यों का शिलान्यास किया। इनमें अल्मोड़ा-लमगड़ा मोटर मार्ग से सरसों तक सड़क निर्माण तथा करबला से माल मोटर मार्ग का सुधारीकरण एवं डामरीकरण कार्य शामिल है। इन योजनाओं के पूरा होने से ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क बेहतर होने के साथ ही स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
पहले कार्य के तहत अल्मोड़ा-लमगड़ा मोटर मार्ग से सरसों तक ₹3.33 करोड़ की लागत से 2.630 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण किया जाएगा। सड़क बनने से सरसों क्षेत्र के ग्रामीणों को मुख्य मार्ग तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी। इससे स्थानीय लोगों के आवागमन को सुगम बनाने के साथ ही क्षेत्र के विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है।
इसके बाद केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने करबला में ₹4.77 करोड़ की लागत से करबला से माल तक 3.90 किलोमीटर लंबे मोटर मार्ग के सुधारीकरण एवं डामरीकरण कार्य का शिलान्यास किया। इस सड़क के सुधरने से ग्रामीणों को अल्मोड़ा नगर और आसपास के बाजारों तक पहुंचने में सहूलियत होगी। साथ ही दैनिक जरूरतों, व्यापारिक गतिविधियों और अन्य कार्यों के लिए आने-जाने में होने वाली परेशानियां कम होंगी।
शिलान्यास कार्यक्रम के बाद केंद्रीय राज्य मंत्री ने ग्राम पंचायत माल में स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और क्षेत्रीय विकास से जुड़े विषयों पर संवाद किया।
इस अवसर पर विधायक मनोज तिवारी, दर्जा राज्य मंत्री गंगा बिष्ट, कुंदन लटवाल एवं गोविंद सिंह पिलख्वाल, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा एवं रघुनाथ सिंह चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, जिला पंचायत सदस्य प्रेम लटवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
