जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा मुख्यमंत्री की प्राथमिकताओं में शामिल “सरकार जनता के द्वार” कार्यक्रम के तहत मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा ने विकासखंड ताकुला की ग्राम पंचायत काँटली का भ्रमण कर विकास कार्यों और जनसुविधाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
भ्रमण के दौरान सीडीओ ने क्षेत्र में संचालित होमस्टे का निरीक्षण करते हुए संचालकों से पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और स्थानीय संस्कृति व उत्पादों को बढ़ावा देने को कहा। इसके बाद उन्होंने पिनाथ ट्रेक का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि ग्राम पंचायत में वर्तमान में चार होमस्टे संचालित हैं। सीडीओ ने क्षेत्र की पर्यटन संभावनाओं को देखते हुए आधारभूत सुविधाओं के विकास पर विशेष जोर दिया।
ग्रामीणों के साथ आयोजित बैठक में सड़क संपर्क सुधारने, मोबाइल नेटवर्क सुदृढ़ करने, स्थानीय युवाओं को नेचर गाइड का प्रशिक्षण देने, पिनाथ ट्रेक मार्ग का विकास कराने तथा जल संस्थान की पेयजल पाइपलाइन से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग उठाई गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागों को सभी सुझावों और समस्याओं का परीक्षण कर नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलें और क्षेत्र में पर्यटन को भी बढ़ावा मिल सके।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं ग्रामवासी मौजूद रहे।
