जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा जनपद में शनिवार से ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ थीम पर सेवा पखवाड़े का शुभारंभ हो गया। 4 से 18 जुलाई तक चलने वाले इस अभियान के पहले दिन आयोजित जनपद स्तरीय बहुउद्देशीय शिविर में 971 लोगों ने विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर में स्वास्थ्य परीक्षण, आधार पंजीकरण व अद्यतन, समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न विभागों ने मौके पर ही लोगों को सेवाएं उपलब्ध कराईं। बाल विकास विभाग ने दो लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट वितरित की, जबकि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत 30 बालिकाओं का निशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण के लिए पंजीकरण किया गया। समाज कल्याण विभाग ने 11 दिव्यांगजनों एवं पात्र लाभार्थियों को सहायक उपकरण वितरित किए।


स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में छह लोगों ने रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ऋषिकेश से दिए गए संबोधन का भी सीधा प्रसारण किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा पखवाड़े का उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और लोगों को कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत देना है।
जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने कहा कि सेवा पखवाड़े का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को सरल, सुगम और पारदर्शी तरीके से आमजन तक पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को प्रत्येक शिविर में पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों के लिए करियर काउंसलिंग सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें विशेषज्ञों और विभिन्न सेवाओं में चयनित अधिकारियों ने प्रतियोगी परीक्षाओं, करियर विकल्पों और सफलता के सूत्र साझा किए। स्कूली विद्यार्थियों और लोक कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां तथा योग प्रदर्शन भी आकर्षण का केंद्र रहे।
कार्यक्रम में मेयर अजय वर्मा, दायित्वधारी मंत्री गंगा बिष्ट, गोविंद पिलख्वाल, कुंदन सिंह लटवाल, पलायन निवारण आयोग के सदस्य अनिल सिंह साही, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, ब्लॉक प्रमुख नीमा आर्य, मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।