Sat. Jul 4th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा जनपद में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से रविवार 5 जुलाई को रामलीला मंच कर्नाटकखोला में अल्मोड़ा कप ताइक्वांडो चैंपियनशिप-2026 का आयोजन होगा। प्रतियोगिता में जिलेभर से सैकड़ों खिलाड़ी हिस्सा लेकर विभिन्न वर्गों और भार श्रेणियों में अपने कौशल का प्रदर्शन करेंगे। आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और खिलाड़ियों, अभिभावकों तथा खेल प्रेमियों में खासा उत्साह है।
प्रतियोगिता में पी-वी, सब-जूनियर, कैडेट और जूनियर वर्ग के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। आयोजन का संचालन हेमवंती नंदन बहुगुणा स्टेडियम की ताइक्वांडो कोच वंदना भण्डारी के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। पिछले कई दिनों से खिलाड़ियों का प्रशिक्षण शिविर भी संचालित किया गया, जिसमें तकनीकी कौशल, आत्मरक्षा, संतुलन और शारीरिक फिटनेस पर विशेष प्रशिक्षण दिया गया।
आयोजन को सफल बनाने में पूर्व दर्जा मंत्री एवं वरिष्ठ खिलाड़ी बिट्टू कर्नाटक सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और बेहतर व्यक्तित्व का विकास करते हैं। उनका उद्देश्य केवल प्रतियोगिताएं आयोजित करना नहीं, बल्कि जनपद में खेल संस्कृति को मजबूत बनाना और युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखकर सकारात्मक दिशा देना है।
उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा की खेल प्रतिभाओं में अपार संभावनाएं हैं। यदि उन्हें उचित अवसर और मंच मिलता रहे तो वे राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन कर सकते हैं।
इस बीच क्रिकेट और बॉक्सिंग प्रतियोगिताओं की तैयारियां भी अंतिम चरण में हैं। इन खेलों के लिए भी खिलाड़ियों का नियमित प्रशिक्षण जारी है और जल्द ही इन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
खेल विशेषज्ञों का मानना है कि पर्वतीय क्षेत्रों में इस तरह के आयोजन स्थानीय खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी माहौल उपलब्ध कराते हैं और उन्हें बड़े स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करते हैं। आयोजन समिति ने जिलेवासियों से बड़ी संख्या में प्रतियोगिता स्थल पर पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।