जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा नगर निगम अल्मोड़ा ने नगरवासियों और पर्यटकों को स्वच्छ एवं शीतल पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए करीब 25 लाख रुपये की लागत से शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर 15 वाटर कूलर स्थापित किए हैं। शनिवार को भैरव मंदिर परिसर में लगाए गए वाटर कूलर का शुभारंभ महापौर अजय वर्मा, नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा और स्थानीय पार्षद अमित साह मोनू ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
नगर निगम के अनुसार वाटर कूलर उन स्थानों पर लगाए गए हैं, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, व्यापारी, छात्र-छात्राएं, श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। इससे गर्मी के मौसम में लोगों को स्वच्छ और ठंडा पेयजल आसानी से उपलब्ध हो सकेगा।
महापौर अजय वर्मा ने कहा कि नगर निगम लगातार जनसुविधाओं का विस्तार कर रहा है और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा प्रत्येक नागरिक का अधिकार है। उन्होंने कहा कि इन वाटर कूलरों से प्रतिदिन हजारों लोगों को लाभ मिलेगा तथा भविष्य में भी नागरिक सुविधाओं को और मजबूत करने के लिए नई योजनाएं लागू की जाएंगी।
नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा ने बताया कि सभी वाटर कूलरों के नियमित रखरखाव, साफ-सफाई और संचालन की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, ताकि लोगों को निरंतर गुणवत्तापूर्ण पेयजल मिल सके। उन्होंने कहा कि नगर निगम शहर को अधिक सुविधाजनक और व्यवस्थित बनाने के लिए जनहित के कार्यों को प्राथमिकता दे रहा है।
स्थानीय पार्षद अमित साह मोनू ने कहा कि भैरव मंदिर सहित अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में वाटर कूलर लगाए जाने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भी बड़ी राहत मिलेगी।
स्थानीय नागरिकों ने भी नगर निगम की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे जनहित में उठाया गया सराहनीय कदम बताया। नगर निगम ने लोगों से सार्वजनिक सुविधाओं का जिम्मेदारी के साथ उपयोग करने और उनकी स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।
इस अवसर पर सहायक नगर आयुक्त लक्ष्मण सिंह भंडारी, पार्षद अभिषेक जोशी, आशा बिष्ट, राधा मटियानी, पूनम त्रिपाठी, विकास कुमार, नवीन आर्य, कैलाश गुरुरानी, प्रकाश भट्ट, मनोज जोशी, शरद गुरुरानी, प्रवीण कुमार बिष्ट, बुद्धि बल्लभ जोशी, नरेंद्र सिंह शाही, निर्मल मुनगली, निर्मल तड़ागी, दिव्या जोशी, नमन गुरुरानी, नीरज सांगा, अनूप साह, किशन गुरुरानी, कमल कुमार मोंटू, हनी वर्मा सहित भैरव ट्रस्ट के अध्यक्ष मिलन कुमार वर्मा और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
