Sun. Jul 5th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

रामनगर नैनीताल पुलिस ने रामनगर स्थित एक बड़े रिसॉर्ट में चल रहे कथित हाई-प्रोफाइल सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। एसएसपी डॉ. मन्जूनाथ टीसी के निर्देश पर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU), एसओजी और रामनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने 4 जुलाई को छापेमारी कर 51 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि एक विधि-विवादित किशोर को संरक्षण में लिया गया। पुलिस ने मौके से 10 महिलाओं, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है, को मुक्त कराया तथा रिसॉर्ट को सील कर दिया।
पुलिस के अनुसार मुखबिर की सूचना पर की गई कार्रवाई के दौरान रिसॉर्ट में बाहरी राज्यों और विदेश से लाई गई महिलाओं के साथ अनैतिक देह व्यापार, शराब और नशे की पार्टी, अश्लील नृत्य तथा महिलाओं पर नोट उड़ाने जैसी गतिविधियां चल रही थीं।
पूछताछ में मुख्य आयोजक उमेन्द्र कुमार ने बताया कि उसने अपनी कीटनाशक निर्माण कंपनी से जुड़े लोगों के मनोरंजन के लिए यह पार्टी आयोजित की थी। जांच में सामने आया कि रिसॉर्ट के जनरल मैनेजर लखेन्द्र चौधरी से पहले ही शराब, महिलाओं और तथाकथित “एक्स्ट्रा सर्विस” की व्यवस्था कराने की बात हुई थी। 4 से 5 जुलाई तक रिसॉर्ट करीब 2.20 लाख रुपये में बुक किया गया था।
पुलिस के अनुसार राहुल गुप्ता उर्फ सन्नी और अन्य के माध्यम से प्रति महिला 10 हजार रुपये के हिसाब से व्यवस्था कराई गई। साथ ही रिसॉर्ट स्टाफ को निर्देश दिए गए थे कि किसी भी मेहमान या महिला की एंट्री आगंतुक रजिस्टर में दर्ज न की जाए, ताकि साक्ष्य छिपाए जा सकें। इन्हीं तथ्यों के आधार पर रिसॉर्ट को सील कर दिया गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने शराब और बीयर की पेटियां, 10 रुपये मूल्य के नकली नोटों की 24 गड्डियां, महिलाओं पर उड़ाए गए नोट, आपत्तिजनक सामग्री, लैपटॉप, मोबाइल फोन तथा डांस कार्यक्रम में प्रयुक्त म्यूजिक सिस्टम और साउंड उपकरण बरामद किए।
इस मामले में कोतवाली रामनगर में भारतीय न्याय संहिता (BNS), अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, पॉक्सो अधिनियम, आबकारी अधिनियम तथा किशोर न्याय अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। रिसॉर्ट का जनरल मैनेजर लखेन्द्र चौधरी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
एसएसपी डॉ. मन्जूनाथ टीसी ने इस सफल कार्रवाई के लिए संयुक्त पुलिस टीम को 2,500 रुपये का नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।